ताजमहल के पूर्वी गेट पर बंद पड़ी स्केनिंग मशीन, हाथ से चेकिंग करते सीआईएसएफ के जवान।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरती जा रही है। यहां स्मारक के वीआईपी गेट की बैग स्कैनिंग मशीन लंबे समय से खराब है। पूर्वी गेट पर इससे पर्यटकों के सामान की जांच होती थी। इसमें छोटी से छोटी संदिग्ध वस्तु आसानी से चिह्नित की जा सकती है। लंबे समय से इसके खराब होने के बावजूद एएसआई इसे ठीक नहीं करा रहा है।
मजबूरी में सीआईएसएफ के जवान खुद ही पर्यटकों के सामान की जांच कर रहे हैं। इससे किसी चूक से इन्कार नहीं किया जा सकता है। यह हाल तब है जब 14 नवंबर को ताजमहल की सुरक्षा का जायजा पुलिस महानिदेशक सुरक्षा अमरेंद्र कुमार सेंगर ने एएसआई अधिकारियों और सीआईएसएफ कमांडेंट के साथ स्मारक का निरीक्षण कर किया था। सीआईएसएफ कमांडेंट ऋषि कौशिक ने बताया कि बैग स्कैनिंग मशीन खराब है। इसे ठीक कराने के लिए एएसआई को रिपोर्ट भेज दी गई है। जल्द ही मशीन दुरुस्त करा ली जाएगी। वैसे, जवान पूरी मुस्तैदी से पर्यटकों के सामान की जांच कर रहे हैं।
ताज में खोया पर्यटक का पर्स, सीआईएसएफ ने खोजा
ताजमहल भ्रमण पर आए गोवा के एक पर्यटक का पर्स सेंट्रल टैंक के पास गुम हो गया। गोवा के सत्तारी निवासी शेख समीर बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे ताजमहल परिसर में थे। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ जवान को दी। लगभग एक घंटे के भीतर दोपहर करीब 1:25 बजे पर्स बरामद कर लिया गया। पर्स में 11,570 रुपये नकद, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और डेबिट-क्रेडिट कार्ड सुरक्षित थे। सत्यापन के बाद सीआईएसएफ ने पर्स पर्यटक को सौंप दिया।