ताजगंज के फतेहाबाद रोड स्थित एक इंस्टीट्यूट के टूरिज्म मैनेजमेंट का छात्र राहुल आनंद का अपहरण हो गया। परिवारीजनों को फोन करके 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है। परिवारीजन दहशत में हैं। सोमवार को पुलिस से शिकायत की। मामले में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की है। इंस्पेक्टर का कहना है कि जांच की जा रही है। छात्र लापता हो गया है। उसके दोस्तों और परिचितों से बात की जा रही है।
मूलरूप से गांव मोरसराय, रोहताश, बिहार निवासी किसान अरविंद कुमार का बेटा राहुल आनंद ताजगंज के मोहल्ला गुम्मट में किराये के मकान में रहता है। वह टूरिज्म मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा है। 13 फरवरी को लापता हो गया। परिवारीजनों ने उसका मोबाइल मिलाया, लेकिन मोबाइल स्विच आफ आया। रात में उसके मोबाइल से किसी ने कॉल की। फोन करने वाले ने कहा कि राहुल का अपहरण कर लिया है। अगर, सलामती चाहते हो तो 15 लाख रुपये का इंतजाम कर लो। पुलिस से शिकायत करने पर अंजाम ठीक नहीं होगा। इसके बाद फिर से मोबाइल बंद हो गया। शनिवार को परिवारीजन आगरा आ गए। छात्र के चाचा विश्वास भाजन ने थाना ताजगंज में तहरीर दी है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। बेटे के साथ अनहोनी की आशंका से परिवारीजन चिंतित हैं।