थाना जगदीशपुरा में एक युवती ने रिटायर्ड एएसपी अशफाक अहमद के बेटे सोहेल पर शादी का झांसा देकर धर्म परिवर्तन कराने और दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें अशफाक अहमद पर धमकी देने का आरोप है। मुकदमे में उनके साथ चार लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
न्यू आगरा क्षेत्र निवासी युवती अधिवक्ता है। उसने आरोप लगाया कि साल 2007 में उसकी दोस्ती जयपुर हाउस के गजानन नगर निवासी सोहेल से हुई थी। दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। 2014 में शादी की बात कहने पर सोहेल ने धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। सोहेल ने जीजा आविद आदिल से बात कराई। उन्होंने भी यही कहा कि जब तक उनका धर्म नहीं अपनाती तब तक शादी नहीं होगी।
इस पर उसने धर्म परिवर्तन कर लिया। इसके बाद आठ नवंबर 2015 को फतेहाबाद रोड स्थित होटल रमाडा में सगाई करा दी। शादी एक फरवरी को तय हुई थी। आरोप है कि सगाई के कुछ दिन बाद सोहेल उसे बिचपुरी ले गया, जहां उसके साथ बलात्कार किया। विरोध करने पर बहलाकर शांत कर दिया। जनवरी में युवती के पिता शादी की बात करने गए तो अशफाक अहमद टालमटोल करने लगे। कई बार बात करने पर भी टालते रहे। 19 अप्रैल को अशफाक अहमद, आविद आदिल, सोहेल घर पर पहुंचे। उन्होंने सोहेल के साथ उसकी शादी कराने से साफ इनकार कर दिया। इस मामले को यहीं रफा-दफा करने की कहते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित युवती ने अब थाना जगदीशपुरा में धारा 376, 420, 506 और 153 ए में मुकदमा दर्ज कराया है।
आगरा में रहे एसपी क्राइम
अशफाक अहमद आगरा में एसपी क्राइम रहे हैं। इसके अलावा वह परिवार परामर्श केंद्र के नोडल अधिकारी भी रहे थे। इससे पहले एसपीआरए और एसपी सिटी भी रहे हैं।
युवती की तहरीर पर बलात्कार, धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
सुशील घुले, एसपी सिटी
ब्लैकमेल करने की नियत से लगाए आरोप
युवती के आरोप गलत हैं। वह अक्सर मेरे बेटे के हास्पिटल जाती थी। इस दौरान उसने बेटे पर एक फ्लैट उसके नाम करने का दबाव बनाया। यह भी कहा कि वह मां-बाप की प्रापर्टी को अपने नाम करा ले। मना करने पर आए दिन बेटे के अस्पताल जाकर झगड़ा करने लगी। इस पर रिश्ता तोड़ा था। युवती के मां-बाप ने एक परिचित के माध्यम से समझौता किया था। सगाई में खर्च पांच लाख रुपये भी लिए थे। इसका शपथपत्र और वीडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास है। धर्म परिवर्तन कराने की बात बिल्कुल गलत है। यह आरोप ब्लैकमेल करने की नियत से लगाया गया है।
अशफाक अहमद, रिटायर्ड एएसपी