अमरपुरा, बोदला, जगदीशपुरा स्थित एनएस इंटर कॉलेज में परीक्षा दे रहे परीक्षार्थी माहुल कुमार पुत्र प्रमोद कुमार निवासी चौरौली, थाना जेवर, गौतमबुद्धनगर को एक इलेक्ट्रानिक ब्लूटूथ डिवाइस के साथ पकड़ लिया गया। उसके खिलाफ थाना जगदीशपुरा में मुकदमा दर्ज किया गया है।
उससे डिवाइस, पहचानपत्र और एडमिट कार्ड बरामद हुआ। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता किसान हैं। वह बीए कर चुका है। उसका चचेरा भाई सुनील कुमार बाहर खड़ा हुआ था। वह उसे सवालों के जवाब देने की तैयारी में था। मगर, वह माहुल के पकड़े जाने पर भाग गया।
शमसाबाद रोड, थाना सदर स्थित ज्ञान भारती इंटर कालेज परीक्षा केंद्र पर पहली पाली में परीक्षार्थी जितेंद्र पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी विसारा गभाना, थाना चंदौस, अलीगढ़ के स्थान पर परीक्षा देते हुए चंद्रेश पुत्र मनवीर सिंह निवासी बिसारा, थाना चंदौस, अलीगढ़ को गिरफ्तार किया गया। वह फोटो, हस्ताक्षर मिलान में पकड़ा गया।
पूछताछ में चंद्रेश ने जितेंद्र सिंह की जगह परीक्षा देना स्वीकार किया। उसके खिलाफ थाना सदर में मुकदमा दज किया गया। उसके पास से फर्जी आईडी कार्ड और एडमिट कार्ड बरामद हुआ। इसके लिए उसने रामबरन के प्रवेशपत्र और वोटर आईडी कार्ड पर अपना फोटो लगा रखा था। इस मामले में प्रधानाचार्य कमल सिंह ने थाना ताजगंज में तहरीर दी। इस पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
गढ़ी भदौरिया, जगदीशपुरा स्थित बैजंती देवी इंटर कॉलेज में परीक्षार्थी गौरव कुमार पुत्र मंटीराम निवासी कोसी खुर्द, मथुरा के स्थान पर परीक्षा दे रहे रवि कुमार पुत्र सचिन कुमार निवासी सोंख, मथुरा को गिरफ्तार किया है। उसके पास से फर्जी आईडी कार्ड और एडमिट कार्ड बरामद हुआ।
अलबतिया स्थित रमेशचंद्र दिनेश चंद्र शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर कन्या इंटर कालेज की पहली पाली की परीक्षा में रविवार को फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा गया था। पुलिस की पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल पुत्र रामनिवास निवासी मटसेना, फिरोजाबाद बताया था।
वह दिनेश पुत्र जगदीश निवासी बालचंदपुर, मटसेना, फिरोजाबाद के स्थान पर परीक्षा देने आया था। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। सोमवार को उसके परिजन आ गए। उन्होंने पुलिस को उसके कागजात दिए। इसमें उसका नाम अजय कुमार पुत्र रोहन सिंह निवासी बहरपुर, करवा, थाना मक्खनपुर, फिरोजाबाद का निकला।
पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन 67008 परीक्षार्थियों को बुलाया गया था। मगर, 58043 ही उपस्थित हुए। इनमें से 8965 ने परीक्षा छोड़ दी। एसपी प्रोटोकाल डॉ. एमपी सिंह के मुताबिक, पहली पाली की परीक्षा में 33504 परीक्षार्थियों को बुलाया गया था।
इनमें से 28903 ही परीक्षा में शामिल हुए। 4601 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा में 33504 को बुलाया गया। इनमें से 29140 ही उपस्थित हुए। 4364 ने परीक्षा छोड़ दी।