मथुरा जिले में साइबर सेल ने गोवर्धन पुलिस की मदद से साबू गैंग के छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई जनपदों के लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर चुका है। इनके कब्जे से 1.56 लाख रुपये, हथियार और पांच मोबाइल बरामद किए गए हैं।
गूगल पे, पेटीएम, फोन पे, फेसबुक और अन्य ऑनलाइन माध्यम से झांसे में लेकर लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साबू गैंग के छह सदस्य साइबर सेल के हत्थे चढ़े हैं। एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने बताया कि साइबर सेल प्रभारी नितिन कसाना और गोवर्धन प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
गैंग के पकड़े गए सदस्यों में जाफर निवासी खेड़ा बासौली, कैथवाड़ा (भरतपुर), साबिर, साबू, राहुल और साहबदीन निवासी देवसेरस और हाल निवासी अंगरावली, कामा (भरतपुर) और अकरम निवासी दौलतपुर, गोवर्धन शामिल हैं। इन बदमाशों ने मथुरा, हाथरस, मुरादाबाद, बुलंदशहर, बल्लभगढ़, फरीदाबाद जिले में कई वारदात की हैं।
डेढ़ करोड़ रुपये की कर चुके हैं ठगी
एसपी देहात श्रीश चंद ने बताया कि साबू गैंग के पकड़े गए छह सदस्य अभी तक डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर चुके हैं। खास यह है कि इन अपराधियों ने धोखाधड़ी की रकम से काफी संपत्ति अर्जित की है। बदमाशों की पकड़े वाली टीम में एसएचओ प्रदीप कुमार, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना, एसआई जतिन पाल, एसआई सोनू भाटी, एसआई सत्यपाल नागर शामिल रहे।