विदेशी सैलानियों को फतेहपुर सीकरी का भ्रमण करा रहे गाइड से स्मारक के अंदर लाइसेंस छीन लिया गया। यह हरकत किसी चोर या लुटेरे ने नहीं की, बल्कि पुलिसक र्मियों ने की। आरोप है कि होटल संचालक की शह पर पुलिसकर्मियों ने अधिकार न होने पर भी स्मारक के अंदर गाइड से उसका लाइसेंस छीन लिया। इस मामले में गाइड ने एएसआई को शिकायत दर्ज कराई है, वहीं एएसआई ने पुलिसकर्मियों की हरकत पर आपत्ति जताते हुए एसएसपी को शिकायत भेजी है, ताकि पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
बुधवार सुबह 11 बजे यूपीटी गाइड नदीम जर्मन टूर एस्कोर्ट जूलिया के साथ जब विदेशी सैलानियों के ग्रुप को गाइड कर रहे थे, उसी समय दो पुलिसकर्मियों ने लाइसेंस मांगा और जांच के लिए थाने चलने को कहा। स्मारक के अंदर गाइड से लाइसेंस की जांच करने का अधिकार पुलिस को नहीं है।
गाइड की इसी आपत्ति पर पुलिसकर्मियों ने अभद्रता की। इससे विदेशी सैलानी भयभीत हो गए। जर्मन एस्कार्ट जूलिया ने एएसआई को शिकायत दर्ज कराई है। गाइड के मुताबिक होटल संचालक ने गुलिस्तां पार्किंग में अभद्रता की और इसके बाद पुलिसकर्मियों नुसरत और रोहिताश को शह देकर उनके पीछे लगा दिया। फतेहपुर सीकरी के वरिष्ठ संरक्षण सहायक मुनज्जर अली ने बताया कि घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है।