आगरा-जयपुर हाईवे पर स्थित एक कस्बे की 10 वर्षीय बालिका के साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया। घटना सोमवार की है। वह बर्फ खरीदने दुकान पर गई थी। वहीं से युवक उसे बहाने से बुलाकर खेत में लेकर चला गया था। वहीं एक अन्य गांव में विवाहिता के साथ भी दुष्कर्म की घटना हुई है। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।
हाईवे स्थित कस्बे की रहने वाली महिला ने बताया कि उसका पति नहीं है। वह गांव-गांव फेरी कर महिलाओं के सौंदर्य प्रसाधन का सामान बेचती है। सोमवार को वह फेरी पर गई थी। घर में उसकी 10 वर्षीय बेटी थी। जो बर्फ खरीदने गांव में ही स्थित दुकान पर गई थी। आरोप है कि वहां एक युवक बालिका को बहाने से खेत में ले गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। घर आने पर उसने मां को घटना की जानकारी दी। महिला बेटी को लेकर थाना मलपुरा पहुंची और आरोपी असलम के खिलाफ तहरीर दी।
वहीं क्षेत्र के एक गांव की महिला मंगलवार को घर में अकेली थी। आरोप है कि तभी गांव का एक युवक घर में आ गया। उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध पर मारपीट भी की। पुलिस ने विवाहिता का मेडिकल कराया। थाना मलपुरा प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया है कि दोनों ही मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामलों की जांच करने के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।