कासगंज के सहावर के हसनपुर से अगवा किए गए छात्र रेहान के मामले में चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। बिना किसी ठोस कार्रवाई के पुलिस अंधेरे में तीर मार रही है। पुलिस की इस लापरवाही से परिवारीजनों की चिंताएं लगातार बढ़ती ही जा रही हैं। परिवारीजन तरह-तरह की आशंकाओं से ग्रसित होते जा रहे हैं। रेहान की मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
ज्ञात हो कि छात्र रेहान का चार दिन पहले अज्ञात बदमाशों ने अपहरण कर लिया था। चार दिन बीतने के बाद भी पुलिस अपहरण की गुत्थी को सुलझा नहीं सकी है। इतना ही नहीं पुलिस अभी तक यह तक तय नहीं कर पा रही कि बालक का अपहरण फिरौती के लिए हुआ है या रंजिश के चलते।
खुलासे के लिए लगाई गई एसओजी, सर्विलांस एवं थाना पुलिस की टीम के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस द्वारा मामले का सुराग न लगा पाने से परिवारीजन काफी चिंतित व पुलिस के लचर रवैये से असंतुष्ट नजर आ रहे हैं।
बच्चे के पिता इशाक का कहना है कि पुलिस को गाड़ी के सीसीटीवी फुटेज भी दिए गए हैं, बावजूद इसके पुलिस यह तय नहीं कर पा रही कि रेहान का इस गाड़ी से अपहरण हुआ है या नहीं। पुलिस की ओर से अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
इस पर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस लगातार अपहरण के खुलासे के लिए प्रयासरत है। टीमें लगातार दबिशें दे रही हैं।