मथुरा के थाना शेरगढ़ के गांव रान्हेरा निवासी संत और कथावाचक युवराज को फरीदाबाद पुलिस ने दुष्कर्म व प्लाट हड़पने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को फरीदाबाद की महिला युवराज की शिकायत लेकर एसीपी मुजेसर कार्यालय पहुंची थी।
एसीपी मुजेसर राधेश्याम उस समय अपने कार्यालय में मौजूद नहीं थे। उधर, पुलिस में शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर महिला ने एसीपी कार्यालय में ही जहरीला पदार्थ खा लिया था। जिसके बाद पुलिस आनन-फानन हरकत में आई।
बीके अस्पताल में भर्ती पीड़ित महिला की शिकायत और बयान के आधार पर एसीपी राधेश्याम ने संत युवराज के खिलाफ रिपोर्ट के आदेश किए थे। पीड़ित महिला के अनुसार वह मथुरा में कथावाचक युवराज के सत्संग में आई थी और इसके बाद से संत का फरीदाबाद आना जाना लगा रहा।
आरोप लगाया कि कथावाचक उसके पड़ोस में रहने वाली एक महिला के घर आता था। कथावाचक ने पड़ोसी महिला के सहयोग से उसके साथ दुष्कर्म किया। सात माह पहले कथावाचक ने एनआईटी तीन स्थित उसका एक प्लॉट भी अपने नाम करवा लिया था।