शाहगंज में फतेहपुर सीकरी रोड पर अज्ञात वाहन की चपेट में आया
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर सीकरी रोड पर शाहगंज क्षेत्र में पुष्पांजलि धाम अपार्टमेंट के पास रविवार रात पृथ्वीनाथ मंदिर के महंत अशोक शर्मा के बेटे राहुल शर्मा (23) की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह बाइक पर अपने साथी के साथ घर लौट रहा था। वह अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। साथी भी गंभीर घायल हुआ है।
परिवारीजनों ने बताया कि राहुल मंदिर में ही सेवा कार्य करता है। रविवार रात को दिवाली की पूजा के बाद घर से रिश्तेदारों के यहां जाने की कहकर निकला था। देर रात अपने साथी के साथ बाइक से लौट रहा था। पुष्पांजलि धाम स्थित एक धर्मस्थल के पास राहुल की बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। तकरीबन तीन बजे एक आटो चालक ने राहुल के सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़े होने की जानकारी अशोक को दी। तब वह पहुंचे और राहुल व उसके साथी को एसएन मेडिकल कालेज की इमरजेंसी ले गए। राहुल को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिवारीजनों ने बताया कि राहुल इकलौता था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।