आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र में दसवीं की छात्रा संजलि की पेट्रोल डालकर आग लगाकर हत्या करने के दोनों आरोपियों पर पुलिस ने रासुका लगाने की तैयारी कर ली है। इसकी फाइल तैयार कर प्रशासन को भेज दी गई है। इससे आरोपी अब जल्द जमानत नहीं ले सकेंगे।
मलपुरा के गांव लालऊ की रहने वाली संजलि (15) पुत्री हरेंद्र सिंह घर से डेढ़ किलोमीटर दूर गांव नौमील स्थित अशरफी देवी छिद्दा सिंह इंटर कालेज में दसवीं की छात्रा थी। 18 दिसंबर 2018 को वह स्कूल से साइकिल पर लौट रही थी।
लालऊ गांव के पास बाइक पर आए दो लोगों ने उस पर पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगा दी थी। संजलि की दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके कुछ देर बाद ही संजलि के ताऊ के बेटे योगेश ने जहर खाकर जान दे दी थी।