शहर में एक ओर अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है और अतिक्रमण हटाने के बाद वहां दोबारा न हो, इसकी जिम्मेदारी शासन ने पुलिस को सौंपी है। लेकिन ग्वालियर रोड पर पुलिस वाले ही कब्जा कर रहे थे। इसे नगर निगम की टीम ने ध्वस्त करा दिया है।
नगर निगम के सहायक अभियंता एपी वार्ष्णेय ने बताया कि ग्वालियर रोड सेवला चौकी के बराबर से निगम की जमीन है। करीब 100 वर्ग मीटर जमीन निगम की चुंगी की है। इस पर पिछले दिनों चौकी प्रभारी ने एक कमरे का निर्माण शुरू करा दिया। पिछले दिनों स्वास्थ्य अधिकारी और उपनगर आयुक्त पुलिस वालों को चेतावनी देकर आए थे कि यहां निर्माण न कराएं लेकिन निर्माण जारी रखा गया। नगर निगम के अधिकारियों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी और एसएसपी से की। रविवार को एसएसपी ने नगर निगम की टीम के साथ अपने पीआरओ को भेजा और अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया।