छत्ता के पीपल मंडी स्थित चांदी कारखाने से 92 किलो चांदी के आभूषण चोरी मामले में पुलिस ने दो को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर 40 किलो 700 ग्राम चांदी बरामद की गई है। पकडे़ गए बदमाश पर्यटकों से पर्स भी लूट चुके हैं। लूट के मोबाइल और गहने भी बरामद किए गए हैं।
बल्केश्वर, न्यू आगरा के विमल गुप्ता का पीपल मंडी में चांदी के जेवरात बनाने का कारखाना है। 30 अगस्त को कारखाने के ताले तोड़कर 92 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए थे। वारदात के खुलासे के लिए छत्ता इंस्पेक्टर एसके सिंह और सर्विलांस टीम लगाई गई थी। पुलिस ने नाला मंटोला के आदिल उर्फ हाथी और गढ़ी चांदनी, एत्माद्दौला के सलमान उर्फ पांच किलो को गिरफ्तार करके पूछताछ की। दोनों बदमाशों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात की बात कबूली।
एसएसपी राजेश डी. मोड़क के अनुसार, दोनों लुटेरों ने बताया कि वे माल रोड और सदर में भी पर्यटकों से पर्स और चेन लूट कर चुके हैं। उनके पास से लूट के तीन मोबाइल और पर्यटकों से लूटे सोने की अंगूठी व बाजूबंद बरामद किए हैं। इसके पहले दोनों लुटेरों के खिलाफ जगदीशपुरा, एत्माद्दौला, ताजगंज में लूट और चोरी के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस बदमाशों के फरार साथियों की तलाश कर रही है।