सिकंदरा के कैलाश मोड़ पर जंगल में बुधवार सुबह लगभग 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसके गले में रुमाल और इलेक्ट्रिक वायर से फंदा लगाकर मारा गया था। शव पर चोट के कई और भी निशान मिले हैं। माना जा रहा है कि उसकी हत्या कहीं और करके शव यहां लाकर फेंका गया है।
उधर, सिकंदरा के ही अरसेना में यमुना किनारे 30 वर्षीय युवती का शव मंगलवार दोपहर मिला। उसकी भी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस का कहना है कि शव नदी में बहकर आया है। युवती ने सलवार-कुर्ता पहन रखा था।
युवक के शव के बारे में पुलिस ने बताया कि कैलाश मोड़ से गुजरते किसी शख्स ने लाश देखकर शोर मचाया था। इसके बाद काफी लोग एकत्रित हो गए थे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों को बुलाकर शव दिखाया लेकिन किसी ने शिनाख्त नहीं की। उसने नीले रंग की जींस और काली टी शर्ट पहन रखी थी। गौरतलब है कि सात दिन पहले जगदीशपुरा क्षेत्र में किशोरी का जला हुआ शव मिला था। उसकी भी अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।
चौकीदार का शव मिलने से सनसनी
सीता गैस एजेंसी के पीलाखार स्थित गोदाम में बुधवार सुबह चौकीदार अवधेश (55) मृत अवस्था में मिला। उसके परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए एत्माद्दौला थाना पुलिस को सूचना दी। शाहदरा के ही राजनगर निवासी अवधेश डेढ़ साल से यहां चौकीदार थे। वह मंगलवार रात ड्यूटी पर आए थे। सुबह उनकी लाश मिली। पुलिस ने बताया कि शव पर चोट का कोई निशान नहीं था, फिर भी परिवारीजनों की आशंका के चलते पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसकी रिपोर्ट आने पर ही कार्रवाई तय होगी।