मैनपुरी जिले में चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। सोमवार को लूट और चोरी की ताबड़तोड़ वारदात से जिला दहल उठा। करहल थाना क्षेत्र के गांव अमामई में चोरों ने छह घरों को निशाना बनाया। वहीं बिछवां के गांव बबीना में नौ लाख रुपये की नकदी और जेवर चोरों ने चोरी कर लिए। किशनी में कथावाचिका को बाइक सवारों ने लूट लिया।
करहल के गांव अमामई में चोरों ने रविवार रात छह घरों को निशाना बनाया गया। चोर ढाई लाख की नकदी और साढ़े चार लाख के जेवर चोरी कर ले गए। वहीं गांव बबीना में महेश चंद्र घर में चोरी हुई। पीड़ित के अनुसार 28 जून को बेटी की शादी होनी है। घर में नौ लाख रुपये और दो लाख रुपये का जेवर रखा था, जिसे चोरों ने चोरी कर लिया।
चोरी की इन वारदात के पीछे गांव और देहात में हो रही बिजली कटौती मानी जा रही है। गांव अमामई और बबीना गांव के जिन घरों में चोरी की वारदात हुई हैं, वहां परिजन या तो छत पर सो रहे थे या फिर घर के बाहर और आंगन में। इसी का चोरों ने फायदा उठाया और घर की दीवार फांदकर चोरों ने चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।
कथावाचिका से लूट
पीड़ित कथावाचिका
- फोटो : अमर उजाला
किशनी क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े बोलेरो सवार कथावाचिका संगीता कुमारी को बाइक सवार लुटेरों ने लूट लिया। लुटेरे सोने की जंजीर और 40 हजार रुपये लूट ले गए। विरोध करने पर मारपीट की गई। ग्रामीणों ने घेराबंदी करके दो लुटेरों को दबोच लिया।
फिरोजाबाद जिले थाना एका क्षेत्र के गांव पूठा निवासी संगीता कुमारी कथावाचिका हैं। वह किशनी थाना क्षेत्र के गांव बूढ़ा के खेड़ा आश्रम में आयोजित भागवत कथा में प्रवचन करने आईं थीं। कथा समापन के बाद सोमवार को बोलेरो से वापस घर लौट रहीं थीं।
प्रभारी थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना में तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है। इनमें एक आरोपी कथा में ढोलक बजाता है। कथावाचिका से लेनदेन को लेकर उसका विवाद हुआ था। लूट की वारदात संदिग्ध लग रही है। पूछताछ की जा रही है।
चोरी और लूट की घटना पर अपर पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि जानकारी होते ही पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया है। पुलिस जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करके वारदात का खुलासा करेगी।