मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र में स्थित विद्यालय से दो युवक नाबालिग छात्रा को अगवा कर ले गए। उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने शुक्रवार की शाम परिजनों को घटना की जानकारी दी। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी। इस दौरान घर पर आरोपी न मिलने पर उनके परिजनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी कस्बा स्थित एक विद्यालय में पढ़ती है। 24 जुलाई को छात्रा स्कूल गई थी, तभी वहां एक परिचित युवक अपने साथी के साथ पहुंच गया। छात्रा को बाइक पर किसी काम के बहाने बैठा ले गया।
आरोप है कि करीब पांच किलोमीटर दूर एक गांव स्थित मकान में ले जाकर युवकों ने किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध पर उसके साथ मारपीट भी की। शाम पांच बजे छात्रा को उसके गांव के पास ही छोड़कर आरोपी भाग गए।