मैनपुरी में शर्मनाक मामला सामने आया है। औंछा थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक ने 12 वर्षीय रिश्ते की चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म किया। हालत बिगड़ने के बाद इलाज न मिलने के कारण बालिका की मौत हो गई। पुलिस से शिकायत करने पर आरोपी ने जानमाल की धमकी दी।
इतना ही नहीं आरोपी पक्ष ने शव को जबरन गांव के बाहर ही दफना दिया। बुधवार को मृतका के ताऊ के घर पहुंचने के बाद शाम पांच बजे एसपी से मामले की शिकायत की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, हत्या के अलावा पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बुधवार रात करीब आठ बजे एसपी अजय शंकर राय, एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही परिजनों से पूछताछ की। एसपी ने थाना पुलिस को मिट्टी में दबे शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए।