फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नमक और चाय पत्ती भी मिलावटी 

Thu, 20 Oct 2016 12:35 AM IST
नमक और चाय पत्ती भी मिलावटी 
विज्ञापन
नमक और चाय पत्ती भी मिलावटी  - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
मिलावटखोर आपकी सेहत से खिलवाड़ ही नहीं, बल्कि आपकी जेब पर भी डाका डाल रहे हैं। स्टैंडर्ड मानक बताकर पूरी कीमत वसूलने के बाद भी सब स्टैंडर्ड प्रोडक्ट बेच रहे हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की जांच रिपोर्ट में सबसे ज्यादा नॉन स्टैंडर्ड पदार्थ निकले हैं। रही बात मिलावट की तो रिफाइंड, सरसों का तेल, घी तो छोड़िए नमक और चाय पत्ती तक इससे अछूते नहीं रहे। रिपोर्ट में नमक, चाय पत्ती, टॉफी, पानी पाउच तक में मिलावट मिली।
विज्ञापन

एफएसडीए ने अप्रैल से सितंबर तक 2,277 सर्वे किए, 357 सैंपल जुटाए। इनमें से 195 की रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जो चौंकाने वाली रही। 59 सब स्टैंडर्ड और 11 में नियमों की धज्जियां उड़ाई गई थीं। खास बात, 15 सैंपल ऐसे रहे, जो स्वास्थ्य के लिए अतिहानिकारक थे। जिला अभिहीत अधिकारी विनीत यादव बताते हैं कि अब मिलावट ऐसे पदार्थों की हो रही है, जो शरीर के लिए घातक हैं। रिपोर्ट के बाद अब लगभग हर खाद्य पदार्थ के सैंपल लिए जा रहे हैं। 
सबसे ज्यादा पेट की बीमारियां 
एसएन मेडिकल कालेज के मेडिसिन विभाग के डा. आशीष गौतम बताते हैं कि मिलावटी सामान से सबसे ज्यादा पेट जनित बीमारियाें का खतरा है। अपच, गैस, जलन लगभग आम बीमारी है। लंबे समय तक मिलावटी खाद्य पदार्थों के इस्तेमाल से किडनी, लिवर की मर्ज भी बढ़ी है।
विज्ञापन


रिपोर्ट में ये आई मिलावट
खोआ: फैट गायब, स्टार्च (शकरकंद, आलू)
बेसन: मैदा, मक्का, सूजी, पीला रंग
चांदी बर्क: एल्युमीनियम की बर्क 
सिंथेटिक दूध: केमिकल, रिफाइंड
चाय की पत्ती: घटिया पत्ती, रंग 
हल्दी: चावल का पाउडर, रंग
पैकिंग पानी: नॉन फिल्टर का मिश्रण
नमक : आयोडीन नहीं

नकली तंबाकू-पान मसाला बेचते तीन पकड़े 
आगरा। शहर में नकली पान मसाला और तंबाकू की बिक्री करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से भारी मात्रा में नकली माल बरामद हुआ। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
लखनऊ की एक कंपनी के चीफ विजीलेंस आफिसर विजय प्रकाश श्रीवास्तव को सूचना मिली थी कि आगरा में उनकी कंपनी के नाम से नकली पान मसाला और तंबाकू की बिक्री की जा रही है। उन्होंने यहां आकर जांच की तो मामला सही निकला। मंगलवार को एसपी क्राइम से शिकायत की। इसके बाद रकाबगंज पुलिस को आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए। विजय प्रकाश ने माल खरीदने का बहाना करके आरोपियों को बुलाया। बुधवार को तीन लोग माल लेकर पहुंचे। उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। 
एसओ रकाबगंज ने बताया कि आरोपियों में शिव कुमार निवासी शमसाबाद, जगदीश निवासी सिकंदरा और बबलू निवासी एत्मादपुर हैं। उनके पास से 12 हजार पाउच पान मसाला, 12 हजार पाउच तंबाकू, 13 हजार पाउच शुद्ध पान मसाला बरामद हुआ। आरोपी बबलू की निशानदेही पर उसके कमला नगर स्थित कारखाना पर छापा मारा। यहां से एक बोरी खुली तंबाकू, एक बोरी पान मसाला, वेट मशीन और पैकिंग मशीन बरामद की। माल और मशीन को सीज कर दिया गया है। तंबाकू और पान मसाला नकली है। एक कारखाना शमसाबाद में भी बना रखा था। धोखाधड़ी, कापी राइट एक्ट सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें