रुपये हड़पने के आरोप में ट्रक चालक नेमीचंद्र (28) को मंगलवार की शाम को दुकान में बंद करके यातनाएं दी गईं। इसके बाद उसकी फांसी लगाकर हत्या कर दी गई। बुधवार की सुबह नेमी के घरवालों ने शमसाबाद रोड पर जाम लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
लहरा का पुरा, शमसाबाद निवासी नेमीचंद्र गांव के शिब्बो बाबा के यहां ट्रक चालक था। घरवालों ने बताया कि कुछ दिनों पहले वह ट्रक लेकर महाराष्ट्र गया था। वहां से 40 हजार रुपये लेकर चला गया था। तभी से ट्रक मालिक उसकी तलाश कर रहा था। मंगलवार को नेमी घर लौट आया। इसकी जानकारी ट्रक मालिक को हुई तो उसने अपने कर्मचारियों से नेमी को सुखाड़िया स्पेयर्स पार्ट्स की दुकान पर बुलवा लिया। ये दुकान भी ट्रक मालिक की है। आरोप है कि 40 हजार रुपये के लिए उसे दुकान में बंद करके यातनाएं दी गईं। इसके बाद उसे दुकान में ही फांसी लगाकर मार डाला। बुधवार की सुबह दुकान के पीछे शव पड़ा मिला। गुस्साए लोगों ने नेमी के शव आगरा शमसाबाद रोड पर रखकर जाम लगा दिया। एक घंटे तक हंगामा होता रहा। सूचना पर एसपीआरए केपी यादव, सीओ सोमेन वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। सीओ ने बताया कि इस संबंध में शिब्बो, गिर्राज, प्रमोद और महेश के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।