एटा के मारहरा में दो माह बाद बहन के घर से लौटे युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शव को हत्यारों ने करुआमई गांव के पास ज्वार के खेत में डाल दिया। हत्या के पीछे जमीन का लालच होने की आशंका जताई जा रही है। घटना स्थल पर पहुंचे एसएसपी ने निरीक्षण कर पुलिस को घटना का जल्द पर्दाफाश करने को मारहरा पुलिस से कहा है।
एटा के थाना मारहरा क्षेत्र के गांव पिदौरा निवासी महावीर (35) पुत्र श्यामलाल अविवाहित है। दो माह पहले वह अपनी बहन कुंती देवी के घर कपसइया थाना सिकंदराराऊ हाथरस गया था। जहां से शुक्रवार देर शाम वह अपने घर लौटा था। घर आने के बाद देर शाम वह अचानक लापता हो गया।
शनिवार सुबह को जब पिदौरा गांव के बच्चे स्कूल के लिए जा रहे थे। उसी समय बच्चों ने ज्वार के खेत में महावीर का शव पड़ा हुआ देखा। जानकारी पाकर परिवारीजनों के साथ ही गांव के अन्य लोग मौके पर एकत्रित हो गए और उन्होंने घटना से मारहरा पुलिस को अवगत कराया।
जानकारी पाकर मारहरा पुलिस के साथ ही एसएसपी अखिलेश चौरसिया भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि युवक के गले पर निशान है। ऐसे में उसकी हत्या गला दबाकर होने की आशंका जताई जा रही है। वही मामले की रिपोर्ट मृतक के भाई सालिगराम ने अज्ञात हत्यारोपियों के खिलाफ दर्ज कराई है।