सरकारी विद्यालय में सहायक अध्यापक के घर पर बदमाशों ने शुक्रवार की रात्रि को धावा बोलकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी लूट ली। प्रतिरोध करने पर शिक्षक के सिर पर सब्बल से प्रहार कर एवं गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को लेकर ग्रामीणों और शिक्षकों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित शिक्षकों ने हाईवे पर जाम लगाकर मुआवजे और वारदात के खुलासे की मांग की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया।
वारदात के शिकार सहायक अध्यापक सुनील कुमार (35) पुत्र रतन सिंह निवासी गांव नगला डामर हुए। बताया कि रात्रि के करीब एक बजे बदमाश घर में दीवार लांघ कर प्रवेश कर गए। बदमाशों ने सबसे पहले बच्चों के साथ सो रही शिक्षक की पत्नी रेनू के पास से आठ माह के बच्चे मयंक को सोते से अपने कब्जे में ले लिया।
उसके गले पर चाकू लगाकर हत्या की धमकी देते हुए पत्नी व बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर शिक्षक सुनील की आंख खुली और बदमाशों का विरोध किया। इस पर बदमाशों ने शिक्षक के सिर पर सब्बल से प्रहार किया।
इसके बाद सब्बल से ही शिक्षक का गला दबाकर हत्या कर दी। बदमाशों ने घर में करीब दो घंटे तक लूट की वारदात को अंजाम दिया। हत्या और लूटपाट करने के बाद बाद बदमाश मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद रेनू ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी। लोगों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक पवित्र मोहन त्रिपाठी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम ने घटना स्थल का मुआयना किया।
अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिक्षक की हत्या एवं 80 हजार की नकदी एवं लाखों रुपये मूल्य के सोने के जेवर में हार, अंगूठी, चैन, मंगलसूत्र, झुमकी, कुंडल, चूड़ी आदि लूटने की रिपोर्ट दर्ज की। लूटे के गए जेवर का मूल्य करीब 6 से 7 लाख रुपये बताया गया है।