ट्रेन के टायलेट में किशोरी से दुष्कर्म करने वाले को पटना में गिरफ्तार कर लिया गया है। मथुरा जीआरपी के बनवाए गए स्केच के आधार पर उसकी गिरफ्तारी हुई है। पीड़ित किशोरी ने भी उसकी पहचान कर ली है। आरोपी बलिया का रहने वाला है।
बता दें कि पटना से मथुरा आ रही किशोरी के साथ 16 जुलाई को ट्रेन के टायलेट में दुष्कर्म हुआ था। दरिंदे ने किशोरी के साथ मारपीट की थी। गला दबाने की कोशिश भी की गई। दरिंदा किशोरी को धमकाकर आगरा में उतर गया था। जब किशोरी अपनी मौसी की तलाश में वृंदावन पहुंची तो वहां उसने अपने साथ हुई दुष्कर्म की जानकारी दी थी।
किशोरी का कहना था कि पटना से ट्रेन चलते ही उसके साथ घटना हुई थी। इस पर मथुरा जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर पटना जीआरपी को ट्रांसफर कर दिया था। जीआरपी पुलिस ने किशोरी के बताए गए हुलिये के आधार पर आरोपी का स्केच तैयार कराया था। स्केच सभी थानों में भेजा गया था। पटना पुलिस को भी दिया गया था। पटना पुलिस ने उसी स्केच के आधार पर आरोपी को दबोच लिया।
मथुरा जीआरपी प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि जीआरपी पटना ने इस मामले में आरोपी युवक अनिल पासवान निवासी गांव बैजनाथ का पुरा थाना कुम्हट जिला बलिया को गिरफ्तार कर लिया। किशोरी ने आरोपी युवक को पहचान लिया है। बताया कि आरोपी युवक पटना में मजदूरी करता है। पटना में काम नहीं मिला तो वह काम की तलाश में आगरा आ रहा था। इसी दौरान उसने किशोरी संग ट्रेन में रेप किया। उसे जेल भेज दिया गया है।