रायभा में बुधवार दोपहर दो बजे दो पल्सर सवार पांच बदमाशों ने जय लक्ष्मी फाइनेंस कंपनी के एजेंट राजकुमार से डेढ़ लाख रुपये और लैपटॉप लूट लिया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में चेकिंग कराई, लेकिन नतीजा सिफर रहा।
गांव सहाई निवासी राजकुमार बुधवार दोपहर 1:30 बजे गांव अरदाया से रुपये कलेक्शन करके आ रहा था। रायभा में निर्माणाधीन न्यू दक्षिणी बाईपास के निकट वह गन्ने का जूस पीने के लिए रुका। तभी दो पल्सर पर आए पांच बदमाशों ने उसे घेर लिया। एक पल्सर पर तीन, जबकि दूसरी पर दो बदमाश थे। सभी के चेहरे खुले हुए थे। एक बदमाश ने राजकुमार पर तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी, जबकि दूसरे ने उससे बैग लूट लिया। वारदात के बाद बदमाश किरावली की ओर भाग गए। घटना के बाद भीड़ जुट गई। बैग में डेढ़ लाख रुपये, एक लैपटॉप था। सूचना पर सीओ अछनेरा सतीश चंद शर्मा फोर्स के साथ पहुंच गए।
पहले भी हुई थी लूट
कंपनी के कर्मचारी से पूर्व में भी लूट की वारदात हो चुकी है। जय लक्ष्मी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से ताजगंज क्षेत्र मेें लूट की वारदात हुई थी। बाद में पुलिस ने इस घटना का खुलासा किया था।