शहर में बाइकर्स गैंग ताबड़तोड़ वारदात को अंजाम देने में लगा है। मंगलवार को डीएम आवास के सामने बैंक आफ बड़ौदा में रुपये जमा करने आए पेट्रोल पंप कर्मी को तीन बदमाशों ने लूट लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश लेकिन हर बार की तरह लकीर पीटकर वापस लौट आई।
वारदात :1
डिफेंस कालोनी, सदर निवासी दीपू यादव प्रतापपुरा स्थित एक पेट्रोल पंप पर नौकरी करता है। मंगलवार दोपहर वह परिचित भानू प्रताप के रुपये जमा करने डीएम आवास के सामने स्थित बैंक आफ बड़ौदा की शाखा में आया था। बैंक के अंदर जमा पर्ची भरने के दौरान एक युवक ने उससे पैन मांगा। इसके बाद युवक और उसका साथी उससे रुपये जमा करने के बारे में पूछताछ करने लगे। बहाने से दीपू को बैंक के बाहर ले आए। तभी उनका एक और साथी आ गया। उसने दीपू से पांच हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। वह कुछ समझ पाता उससे पहले ही तीनों बैंक के बाहर खड़ी पल्सर पर बैठकर भाग गए। दीपू ने शोर मचा दिया, लेकिन बदमाशों को नहीं पकड़ा जा सका। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक की। इसमें दो बदमाश नजर आ रहे हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
वारदात : 2
सपा व्यापार सभा के शहर अध्यक्ष की पत्नी से चेन लूट
ट्रांसयमुना कालोनी निवासी राजेश वर्मा सपा व्यापार सभा के शहर अध्यक्ष हैं। उनकी पत्नी पूनम देवी दोपहर में बच्चों को स्कूल से लेकर पैदल लौट रहीं थीं। तभी कालोनी में काली पल्सर सवार दो बदमाश आए। उन्होंने झपट्टा मारकर पूनम के गले से चेन लूट ली। पूनम ने शोर मचाया लेकिन बदमाशों को नहीं पकड़ा जा सका। सपा नेता ने थाना एत्माद्दौला में तहरीर दी है।