शहर की पाश कालोनी में से एक लायर्स कालोनी में सुरक्षा के नाम पर कुछ नहीं है। न यूपी 100 पुलिस की गश्त रहती है और न ही पुलिस पिकेट पर पुलिस कर्मी कभी ड्यूटी करते मिलते हैं। कारोबारी यशपाल महाजन के घर में लूट की वारदात से कालोनी के लोग दहशत में हैं। उन्होंने पुलिस की सुरक्षा पर कई सवाल उठाए हैं। जिस वक्त कारोबारी के घर में वारदात हुई उस समय भी पुलिस पिकेट पर कोई पुलिस कर्मी नहीं था। इसको लेकर लोगों में गुस्सा नजर आया।
बता दें, लायर्स कालोनी में कारोबारी वर्ग से लेकर अधिकारी रहते हैं। सुबह और शाम में लोगों को आवागमन रहता है। शाम के समय लोग घरों से टहलने के लिए भी बाहर आते हैं। लेकिन सुरक्षा नहीं रहती है। इसी का फायदा बदमाश उठाते हैं और वारदात को अंजाम देते हैं। शनिवार को हुई घटना के बाद कारोबारी के घर पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोग इस बात से भी दहशत में थे कि बदमाशों ने दुस्साहस दिखाते हुए कोठी में प्रवेश किया। कालोनी के लोगों ने कहा कि पुलिस अधिकारी सुरक्षा के बड़े-बड़े वादे तो करते हैं, लेकिन होता नहीं है। पिछले दिनों अधिकारियों के आदेश पर लायर्स कालोनी में राधा-कृष्ण मंदिर के पास पुलिस पिकेट लगाई गई। थाना न्यू आगरा से दो पुलिस कर्मियों की ड्यूटी रहती है। मगर, इसके बावजूद बदमाश वारदात करने में सफल रहे। कालोनी के लोगों का यह भी कहना था कि आए दिन चेन और पर्स लूट की वारदातें होती रहती हैं। शिकायत पर पुलिस पल्ला झाड़ लेती है। एक सप्ताह पहले चेन और पर्स लूट की तीन वारदातें हुईं। अगर, पुलिस सतर्कता दिखाए तो बदमाश वारदात न कर सकें।
लगवाएंगे सीसीटीवी कैमरे
आए दिन होने वाली घटनाओं के मद्देनजर लोगों ने घरों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगा रखते हैं। इस घटना के बाद कालोनी के लोगों ने कैमरों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। जिन लोगों के घरों में कैमरे खराब पड़े हैं उनको भी सही कराएंगे।
लायर्स कालोनी में पुलिस पिकेट रहती है। अगर, पिकेट पर पुलिस कर्मी नहीं रहते हैं तो इसकी जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का मूवमेंट भी बढ़ाया जाएगा।
महेश कुमार मिश्रा, डीआईजी
लूट की वारदात
13 अगस्त 2015: न्यू आगरा क्षेत्र में धनीराम वाटिका कालोनी में प्रापर्टी डीलर धर्मवीर सिंह के घर में पिस्टल, चाकू और हंसिया लेकर आए तीन बदमाशों ने लूट की।
27 दिसंबर 2015 : लॉयर्स कालोनी में तिकोनिया पार्क के पास रहने वाले यूनिवर्सिटी के लिपिक दिलावर सिंह के घर में डाका डाला गया। अभी तक बदमाशों का पता नहीं चला।
- 28 मार्च 2016 : सर्विस रोड पर होटल भावना पैलेस के पास गुलाटी एजेंसी प्राइवेट लिमिटेड (जीएपीएल) के मैनेजर संदीप और कैशियर सोनू से बाइकर्स गैंग ने 17 लाख कैश लूटा।
- एक मई 2016 : पॉश कालोनी कमला नगर के ई-ब्लाक में सिंचाई विभाग के ठेकेदार एडवोकेट रविंद्र जिंदल के घर में घुसकर तीन बदमाशों ने 27 लाख के जेवरात और 2.5 लाख कैश लूटे थे।
- 17 अक्तूबर 2016 : न्यू आगरा में सफेद बाइक सवार दो बदमाशों ने ओमेक्स मॉल के पीछे बैंक कालोनी के गेट पर कंपनी द राइटर सेफ गार्ड के दो कर्मचारियों से लाखों रुपये लूटे। वहीं तकरीबन रात 11 बजे कमला नगर में काली बाइक सवार बदमाशों ने गंगा ज्वेलर्स के मालिक के बेटे दुमुल जिंदल (25) को सात गोलियां मारकर उनसे कैश से भरा बैग लूटा था।
- छह नवंबर 2016 : ताजगंज के दिनेश नगर, अब्बास नगर में शनिवार सुबह तीन बदमाशों ने लूट की। सराफ पर हथियार तानकर जेवरात से भरा थैला लूटकर ले गए।
- 12 जनवरी 2017 : ताजगंज के ताजनगरी फेस एक में ट्यूशन की बात करने के बहाने आए तीन बदमाशों ने शिक्षिका और उनके बेटे के हाथ-पैर बांधकर कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद नकदी और दो मोबाइल लूटकर ले गए थे।