खंदौली के गांव गिजौली में दिवाली पर घर के अंदर घुसकर किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो बाइक पर आए चार हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के पीछे चुनावी रंजिश सामने आई है।
गांव गिजौली निवासी थान सिंह (32) पुत्र चोब सिंह किसान था। दिवाली पर वह झालर लगा रहा था। उसके भाई निहाल सिंह ने बताया कि दो बाइक पर चार हमलावर आए। दो हमलावर अपाचे और दो हमलावर पल्सर पर थे। वह दनदनाते हुए घर में घुस आए। उन्होंने आते ही थान सिंह पर फायर कर दिया। गोली थान सिंह की कनपटी पर लगी। इससे वह वहीं गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर छत पर खड़ा थान सिंह का चाचा का लड़का दिगंबर सिंह पहुंच गया। पत्नी और बच्चे भी आ गए। तब तक हमलावर फरार हो गए। परिजन घायल को निजी अस्पताल लाए, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवारीजन शव को लेकर थाना खंदौली पहुंच गए। इस पर पुलिस में हड़कंप मच गया। निहाल सिंह ने बताया कि उसके भाई कोमल सिंह की गांव के जयवीर सिंह से प्रधानी के चुनाव को लेकर रंजिश चल रही है। कुछ समय पहले जयवीर सिंह गांव छोड़कर खंदारी में रहने लगा था। अगस्त 2015 में जयवीर सिंह की हत्या कर दी गई थी। इसमें कोमल और पूर्व प्रधान सहित चार लोगों को हत्या के मामले में जेल भेजा गया था। कोमल अभी भी जेल में है। थान सिंह की भी हत्या इसी रंजिश में की गई है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी थी। पुलिस ने हमलावरों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।
विज्ञापन
दिवाली पर परिवार में कोहराम
एक तरफ परिवार दिवाली की तैयारी में लगा था तो दूसरी तरफ थान सिंह की हत्या कर दी गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के दो बेटे हैं।