एटा जिले में शराब माफिया पुलिस से बेखौफ हैं। इसकी बानगी एक बार फिर देखने को मिली है। थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव देवतरिया में कच्ची शराब बनने की सूचना पर छापा मारने पहुंची पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया गया।
दरअसल, पुलिस ने मौके से एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। यह देख उसके और साथी आ गए और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करते हुए शराब माफिया को छुड़ा लिया। इसके बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।
थाना जसरथपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव देवतरिया में कच्ची शराब बनाई जा रही है। इस पर पुलिस टीम ने गुरुवार रात को शराब तस्कर के ठिकाने पर छापा मारा। यहां बड़ी मात्रा में कच्ची शराब बनती पाई गई।
पुलिस ने मौके से बालकराम पुत्र लालाराम निवासी देवतरिया को गिरफ्तार किया। यह देख उसके साथियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और बालकराम को छुड़ा ले गए। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।