सराफ लल्ले वर्मा के साथ हुई लूट और हत्या के विरोध में सोमवार को चौथे दिन भी बाह का बाजार बंद रहा। परिवारीजनों को ढांढस बंधाने के बाद बिहारी जी मंदिर में हो रही कारोबारियों की बैठक में पहुंचे सांसद चौधरी बाबूलाल की कैबिनेट मंत्री अरिदमन सिंह पर की गई टिप्पणी का विरोध हुआ। कारोबारियों का कहना है कि वारदात पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
बीते गुरुवार को हुई सराफा कारोबारी की हत्या के विरोध में सोमवार को भी बाह का बाजार पूरी तरह बंद रहा। दिन में कारोबारी समाज ने बिहारी जी मंदिर में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ टीएन अग्रवाल, निर्मल कुमार जैन, विनय कामराज, संदीप गुप्ता आदि ने बैठक की। इसी दौरान परिवारीजनों को ढांढस बंधाने के बाद सांसद चौधरी बाबूलाल बैठक में पहुंच गए। वहां उन्होंने कारोबारियों को हर संभव मदद और पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही कैबिनेट मंत्री अरिदमन सिंह पर निजी टिप्पणी भी कर दी। इसका जमीर हुसैन, राजेश यादव, मुदस्सिर हुसैन आदि ने विरोध किया। कहा कि वारदात को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए। पूरा समाज पीड़ित परिवार के साथ है।
वहीं, कैबिनेट मंत्री अरिदमन सिंह ने डीआईजी और एसएसपी से बात कर कहा कि समय सीमा में खुलासा नहीं हुआ तो पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बसपा के पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा ने सोमवार को डीआईजी से मुलाकात कर वारदात का खुलासा करने की मांग की। कहा कि खुलासा न होने पर आंदोलन किया जाएगा।
--------
आज से खुलेंगे बाह के बाजार
एसडीएम उमाशंकर, सीओ जगवीर सिंह, व्यापारी नेता विक्की वर्मा और महेंद्र सिंह भदौरिया ने सोमवार शाम पीड़ित कारोबारी के घर बैठक की। इसमें तय किया कि मंगलवार से बाह के बाजार खुलेंगे। इसके पीछे व्यापारियों ने शर्त रखी कि पुलिस वारदात के खुलासे के लिए पूरी तत्परता के साथ काम करेगी।
-------
इटावा में पुलिस का डेरा, तीन टीमों की दबिश
बाह। वारदात में शामिल अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की तीन टीमों ने इटावा में डेरा डाल लिया है। टीमें लगातार दबिश दे रही है। इंसपेक्टर ब्रह्म सिंह ने बताया कि अपराधियों की पहचान हो गई है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।