फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खेत पर सो रहे किसान की हत्या

Sat, 10 Oct 2015 01:54 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
खंदौली के गांव वेलौठ में गुरुवार की रात को अपने दोस्त के साथ सो रहे किसान श्रीनिवास (50) की गांव के तीन लोगों ने सरियों से प्रहार करके हत्या कर दी। दोस्त ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की मगर वह हाथ नहीं आए। पुलिस ने शुक्रवार की दोपहर को हत्या का खुलासा करके एक हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। खून से सने कपड़े और आला कत्ल भी बरामद किया है। तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
विज्ञापन

वेलौठ के चंद्रपाल सिंह की गांव के बाहर खेतों में बाजरा की फसल कटी पड़ी है। गुरुवार को चंद्रपाल गांव के ही दोस्त श्रीनिवास (50) को खेत पर सोने के लिए बुला ले गए। दोनों रजाई ओढ़कर बाजरे की फसल के नजदीक सो रहे थे। आरोप है कि रात में गांव का भगवानदास उर्फ होलू अपने दो बेटों राकेश और लोकेंद्र के साथ खेत में पहुंच गया। हमलावरों ने लोहे की सरियों से श्रीनिवास के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। चीखपुकार होने पर चंद्रपाल की आंख खुली तो उन्होंने हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ नहीं आए। देर रात गांव पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चंद्रपाल ने हत्यारोपियों को पहचान लिया था। श्रीनिवास के भाई ओमवीर ने भगवानदास और उसके दोनों बेटों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने भगवानदास को गिरफ्तार करके पूछताछ की तो उसने बताया कि वह चंद्रपाल की हत्या के इरादे से गए थे। पुलिस ने लोहे की सरिया और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।

निशाने पर था चंद्रपाल
जान गंवाई श्रीनिवास ने
श्रीनिवास के घरवालों ने चंद्रपाल पर ही हत्या का आरोप लगाया। इस पर पुलिस ने चंद्रपाल और उसके बेटे को हिरासत में ले लिया। चंद्रपाल ने भगवानदास और उसके बेटों पर हत्या का आरोप लगाया। इस पर पुलिस ने भगवानदास को थाने बुलाया तो वह खुद ही पहुंच गया। एसओ अजय यादव ने भगवानदास की शर्ट उतरवाई तो उसके हाथ और सिर पर चोटों के निशान मिले। कड़ाई से पूछताछ करने पर भगवानदास से सच उगल दिया। उसने बताया कि उसकी चंद्रपाल से वर्षों पुरानी दुश्मनी है। उसने घर की जमीन पर कब्जा कर रखा है। इसी रंजिश में एक माह पूर्व चंद्रपाल और भगवानदास में मारपीट हुई थी। गुरुवार की रात को चंद्रपाल को खेतों में जाते हुए देखा था। उसे नहीं मालूम था कि श्रीनिवास भी उसके साथ सोने गया था। आरोपी ने बताया कि श्रीनिवास की हत्या चंद्रपाल के धोखे में हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें