रुनकता में आगरा-मथुरा हाईवे पर अरसेना स्थित वसेरा ढाबा के पास झाड़ियों में मिला शव जैतपुर के रूपपुरा गांव की रूबी यादव का था। पति ने पत्नी की जहर देकर हत्या के बाद शव वहां फेंका था। वारदात के दौरान साथ रहे बच्चों ने अपनी मां की मौत की वारदात से पर्दा हटा दिया है। वारदात में प्रयुक्त वैन और उसके चालक को जैतपुर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
24 सितंबर को जैतपुर के रूपपुरा गांव के अवनीश यादव ने गांव के ही मनोज पुत्र श्रीकृष्ण की ईको वैन को दिल्ली के लिए भाड़े पर लिया था। रात्रि लगभग साढे़ आठ बजे वे अपनी पत्नी रूबी यादव (28), पुत्र अंशू, राजा, पुत्री अर्पिता के साथ वैन में सवार होकर घर से निकले। भदरौली स्थित ढाबे पर उन्होंने खाना खाया। वहां गांव के दो युवक मिले। इधर खाना खान के बाद रूबी यादव की हालत बिगड़ गई। इसके बाद फतेहाबाद पहुंचने के दौरान उनकी मौत हो गयी। खाने में जहर की बात भी बच्चों के सामने आयी। इसके बाद वे फीरोजाबाद होते हुए रुनकता पहुंचे। वहां झाड़ियों में शव फेंक दिया और ग्वालियर जाकर रिश्तेदारों के घर अंशू, राजा, अर्पिता को छोड़ दिया। इसके बाद अवनीश खुद लापता हो गया। बच्चों ने अपनी मां की मौत की बात परिजनों को बताई। परिजन उन्हें जैतपुर थाने ले गए। वहीं, रुनकता में मिले शव की पहचान रूबी यादव के रूप में कर दी। उन्होंने पुलिस को चालक से लेकर गांव के दो युवकों तक के नाम बताये। पुलिस ने चालक मनोज और वैन को कब्जे में ले लिया है। रुनकता पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब हत्या की वजह तलाशने में जुट गयी है। आखिर ऐसा क्या था जिसकी वजह से अवनीश यादव ने अपनी पत्नी की हत्या की।