घिरोर कस्बा के गांव कोसमा हिनूद में बुधवार रात एक बारात में हुई हर्ष फायरिंग में एक पांच साल की मासूम और महिला घायल हो गई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव कोसमा हिनूद निवासी राजकुमार की बेटी नीलम की बारात बुधवार शाम को गांव घुरैया थाना भरथना जनपद इटावा से आई थी। रात करीब दो बजे द्वारचार की रस्म के दौरान दूल्हा पक्ष के प्रदीप पुत्र जगदीश कश्यप ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी।
इस दौरान एक गोली बारात देख रही महिला कैलाशी देवी पत्नी राजेंद्र सिंह और पांच वर्षीय सोनाक्षी पुत्री विनय कुमार के लग गई। इससे वहां अफरा तफरी मच गई। परिजन घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए।
वहां से मेडिकल कालेज सैफई रेफर कर दिया गया। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी प्रदीप पुत्र जगदीश कश्यप निवासी गांव घुरैया इटावा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। -
पहलवान सिंह, प्रभारी निरीक्षक