न्यू आगरा थाना के पास स्थित होटल तपस्या में मेरठ के अलीपुर निवासी युवक दीपक मलिक के साथ ब्लेकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
आरोप है कि होटल स्टाफ ने आधी रात को उसके चेहरे पर शराब उड़ेल दी। उसके साथ एक युवती को लिपटाकर फोटो खींच लिए। फोटो दिखाकर उससे ब्लैकमेलिंग की। 12000 रुपये और उसका एटीएम कार्ड लूट लिया। उसे एटीएम बूथ पर ले जाकर और पैसे निकालने की कोशिश की। लेकिन उसने चालाकी से तीन बार अपना पासवर्ड गलत बताया, जिससे एकाउंट ब्लॉक हो गया। इससे गुस्से में आकर उसके पैर में चाकू से हमला किया गया।
दीपक एक दवा कंपनी में सेल्समैन है। एक जुलाई को लखनऊ जाते समय रात होने पर होटल तपस्या में रुक गया था। शनिवार को उसने न्यू आगरा थाना में होटल मैनेजर राहुल के खिलाफ बंधक बनाने, लूट, चौथ वसूली और जानलेवा हमला का केस दर्ज कराया।
पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर न्यू आगरा ने बताया कि उसे कोर्ट के सामने पेश किया गया। वहां से जेल भेज दिया गया।
पहली भी आई शिकायतें
तपस्या होटल का यह पहला मामला नहीं है। यह अलग बात है कि कार्रवाई पहली बार हुई है। सात दिन पहले भी एक युवक को इसी तरह फंसाकर ब्लेकमेलिंग का प्रयास किया गया था।
बदनाम है हाईवे के होटल
सिर्फ तपस्या नहीं, एनएच-2 के ज्यादातर होटलों में यही खेल चल रहा है। जगदीशपुरा थाना पुलिस ऐसे ही मामले की जांच कर रही है। इस ब्लेकमेलिंग में एक होटल का मालिक भी शामिल है। तीन सिपाही भी जांच में फंसे हैं।