आगरा छावनी में तैनात रहे सेना के कांस्टेबल रविन्द्र के खिलाफ सदर बाजार थाना में ठगी का केस दर्ज कराया गया है। उस पर आरोप है बुलंदशहर के शिकारपुर के गांव मुस्तफाबाद निवासी समय सिंह से चार लाख रुपये ठगने का।
उसने समय सिंह से यह रकम उसके दो बेटों सचिन और सौरव को सेना में भर्ती कराने के नाम पर ली थी। उसके खिलाफ ऐसी और भी शिकायतें पुलिस को मिल चुकी हैं। इनमें कुल मिलाकर लगभग 20 लाख रुपये की ठगी का आरोप है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
रविन्द्र मूल रूप से अलीगढ़ की खैर तहसील के गांव कासका का रहने वाला है। उसने यह ठगी आगरा में 2013 में हुई सेना भर्ती के दौरान की। समय सिंह ने बताया कि वह दोनों बेटों के साथ आया था। दोनों ने भर्ती के लिए दौड़ की थी।
रविन्द्र भर्ती स्थल के पास ही मिला था। उसने बताया था कि वह आर्मी में है, डब्लूएसी लाइन में रहता है, भर्ती में उसकी मदद कर सकता है। वह उसे घर ले गया। वहां प्रति अभ्यर्थी दो-दो लाख रुपये मांगे। समय सिंह ने उसे चार लाख रुपये दे दिए।
समय सिंह का कहना है कि बाद में उसके बेटे भर्ती से बाहर कर दिए गए। तब उसने रविन्द्र से पैसे वापस मांगे तो वह बहाने बनाने लगा। इसके बाद छह -छह महीने का समय लेता रहा। इसी बीच उसका तबादला सिलीगुड़ी हो गया।
सेना के सूत्रों का कहना है कि उसके खिलाफ सेना भी जांच कर रही है। उधर, पुलिस सूत्रों ने बताया कि उसके खिलाफ लगातार प्रार्थना पत्र आ रहे हैं। जल्द ही और भी केस दर्ज किए जा सकते हैं। उसकी ठगी का शिकार हुए लोग आगरा, अलीगढ़, मथुरा और बुलंदशहर के हैं।