बिल्लोचपुरा में नाले का पत्थर हटाने पर पथराव, फायरिंग
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिल्लोचपुरा में सोमवार शाम को घर के आगे नाले पर रखा पत्थर हटाने पर जमकर बवाल हो गया। क्षेत्र के रहने वाले भइये पर शाहरुख पक्ष ने हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर फिंकाई हुई। शाहरुख पक्ष की ओर से फायरिंग हुई। गोली लगने से भइये घायल हो गए। छह से ज्यादा लोगों को पत्थर लगे। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया।
बिल्लोचपुरा स्थित दरगाह पर पिछले दिनों उर्स चल रहा था। दरगाह जाने वाले रास्ते पर भइये भी रहता है। उर्स में लोगों को आने-जाने में दिक्कत न हो, इसके लिए उसने अपने घर के आगे नाले पर पत्थर रख दिया था। उर्स संपन्न होने पर सोमवार शाम तकरीबन पांच बजे वह पत्थर हटाने लगा। इस पर शाहरुख आ गया। पत्थर हटाने से मना किया।
भइये का कहना था कि पत्थर उसका है। इसलिए वह हटा रहा है। इस पर दोनों में कहासुनी होेने लगी। इसी बीच शाहरुख का भाई सलमान अपने साथियों के साथ पहुंच गया। उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। तब भइये पक्ष के लोग जुट गए। उन्होंने विरोध किया। इस पर दोनों ओर से पथराव होने लगा। भइये ने बताया कि शाहरुख पक्ष ने फायरिंग कर दी।
गोली लगने से भइये घायल हो गया, जबकि उसकी पत्नी अफसाना सहित छह लोग पथराव में घायल हुए। लोगों ने घरों में दुबककर अपनी जान बचाई। तकरीबन 20 मिनट तक बवाल होता रहा। जानकारी पर थाना लोहामंडी पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शाहरुख और मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया।
हत्यारोप में जा चुका है जेल
भइये का कहना है कि शाहरुख दबंगई करता है। पिछले साल उसने एक नर्सिंग होम के कंपाउंडर को पीटकर घायल कर दिया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हाल ही में जेल से छूटकर आया है।