बासौनी के गांव डगरूपुरा में शनिवार की शाम मजाक करने के विवाद में फायरिंग हो गई। पुलिस ने एक पक्ष की ओर से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर दूसरे पक्ष के घर दबिश देने के नाम पर जमकर तोड़फोड़ की। पीड़ित परिवार ने डीएम-एसएसपी और एसडीएम से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गांव डगरूपुरा में शनिवार की शाम पवन और चिन्टू मुर्गियों का दाना लेकर नरहौली से घर लौटे थे। मैक्स गाड़ी खड़ी कर दोनों घर चले गये। इसी दौरान मजाक में गांव के ही सोनू ने गाड़ी की चाभी ले ली। चाभी वापस मांगने पर सोनू और पवन के बीच विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गयी। इसके बाद जमकर फायरिंग हुई। इससे गांव में अफरातफरी मच गयी। मारपीट में घायल पवन की तहरीर पर बासौनी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। दूसरी ओर सोनू के पिता सर्वेश ने डीएम-एसएसपी और एसडीएम को भेजे पत्र में कहा कि रविवार की दोपहर दबिश के नाम पर पुलिस ने घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। चूल्हे, चारपाई तथा अन्य सामान नष्ट कर दिया। आरोप लगाया कि विरोध करने पर महिलाओं से गाली गलौज भी की। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज नहीं करने का भी आरोप लगाया है।
बंटवारे के विवाद में मारपीट, तीन गिरफ्तार
बाह। बड़ागांव में दो भाई हाकिम और महेश के बीच बंटवारे के विवाद में मारपीट हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाकिम, मनोज और महेश को गिरफ्तार कर लिया है।