मथुरा के सदर बाजार के मोहल्ला मुरसदपुर में युवक की घर के पास गोली मारकर हत्या के मामले में सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की मानें तो सगे भाइयों ने अपनी जान जाने के डर से युवक की हत्या की थी। पुलिस हत्या आरोपी सगे भाइयों की तलाश में दबिश दे रही है। जांच में तंत्र-मंत्र की भी सामने आ रही है।
बुधवार की रात घर के बाहर टहलते हुए युवक राजेंद्र सिंह (26) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या आरोपियों की तलाश में सदर बाजार पुलिस ने दबिश दीं, पर कोई भी आरोपी हत्थे नहीं चढ़ सका। मृतक के पिता ने मोहल्ले के ही सगे भाइयों जितेंद्र और धर्मेंद्र पुत्र चंदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
थाना सदर बाजार पुलिस ने जांच की महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। आरोपी सगे भाइयों को अपनी जान का खतरा राजेंद्र से था। इसके चलते राजेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी। इंस्पेक्टर लोकेश भाटी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
16 साल से लापता हैं हत्यारोपियों के पिता
पुलिस जांच में एक तथ्य और सामने आया है। हत्या आरोपी सगे भाइयों को अपनी जान का खतरा तो था ही, इसके अलावा 2003 में पिता चंदो के लापता होने का भी गम था। पुलिस की माने 16 साल बाद भी पिता का सुराग नहीं लग सका। शक राजेंद्र पर ही था। इसी के चलते हत्या करने का एक यह भी कारण पुलिस जांच में सामने आया है।
अप्रैल 2018 में रिक्शा चालक सचिन (17) की हत्या कर दी गई थी। हत्या के पीछे केवल तांत्रिक विद्या के लिए करोड़ों रुपये का लाभ देखा जा रहा था। खुलासा होने पर लक्ष्मण, राजेंद सिंह, सोनू, विनोद और तांत्रिक बंटी को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया था। तीन महीने पहले ही राजेंद्र सिंह जेल से छूटकर आया था।