एटा जिला कारागार में बंद सजायाफ्ता कैदी ने आगरा के एक चिकित्सक से दस लाख रुपये की चौथ मांगी है। ऐसा न करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। चिकित्सक को जेल के लैंडलाइन नंबर से फोन किया गया था। चिकित्सक ने व्हाट्सएप पर एसएसपी एटा से मामले की शिकायत की। जानकारी पर जेल अधीक्षक रात में ही जेल पहुंचे। उन्होंने कहा कि आरोपी सहित दोषी कारागार कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एटा जिला कारागार में थाना जैथरा के गावं निजामाबाद निवासी अनिल पांडेय एक मामले में सजायाफ्ता है। आरोप है कि अनिल ने शुक्रवार को एटा जेल से आगरा के आयुष्मान हॉस्पिटल के मालिक चिकित्सक संजीव यादव को मोबाइल पर फोन किया और दस लाख रुपये की मांग की। धमकी दी कि ऐसा न करने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें।
चिकित्सक डॉ. संजीव ने मामले की जानकारी एसएसपी एटा सुनील कुमार सिंह को व्हाट्सएप पर दी। इस पर एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि चिकित्सक को आगरा के संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कराना चाहिए। जांच में एटा की पुलिस पूरा सहयोग करेगी। वहीं जेल अधीक्षक पीपी सिंह ने बताया कि अनिल पांडेय जिला कारागार में सजायाफ्ता कैदी है।
कोरोना संक्रमण काल में शासन द्वारा बंदियों और कैदियों के परिजनों को मिलने पर रोक है। सुविधा बतौर सप्ताह में तीन दिन पांच-पांच मिनट के लिए कैदियों की परिजनों से फोन पर वार्ता कराई जाती है। कैदी ने इसका फायदा उठाकर आगरा के चिकित्सक से चौथ मांगी। उन्होंने कहा कि वह स्वयं मामले की जांच कर रहे हैं। दोषी कारागार कर्मचारियों सहित कैदी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।