थाना ताजगंज के गांव देवरी में मंगलवार रात को 12 बजे घर के बाहर चारपाई पर सो रहे छोटे भाई महावीर सिंह (65) की सिर में सब्बल से प्रहार करके हरिकिशन (73) ने हत्या कर दी। छोटे भाई ने अपने हिस्से के खेत का सौदा 70 लाख रुपये में कर दिया था। इससे बड़ा भाई नाराज था। हत्या के बाद हरिकिशन ने गांव में खड़ी पीआरवी आठ के पुलिसकर्मियों के पास जाकर कहा कि उसे गिरफ्तार कर लिया जाए, वह खून करके आया है।
सीओ सदर महेश कुमार ने बताया कि बुधवार रात तकरीबन 12:30 बजे पीआरवी आठ देवरी गांव के पास खड़ी थी। गांव का हरिकिशन आया। उसने बताया कि छोटे भाई की हत्या करके आ रहा है। उसकी लाश घर के बाहर पड़ी हुई है। उसे गिरफ्तार कर लो।
उधर, परिजन भी हरिकिशन की तलाश कर रहे थे। इस पर हरिकिशन को हिरासत में लेकर पुलिस थाने ले आई। इसके बाद गांव में पहुंचकर शव बरामद कर लिया। हत्या की जानकारी परिजनों को नहीं थी। उन्हें पता चला तो सकते में आ गए। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सब्बल भी बरामद कर लिया गया है।