कासगंज के थाना पटियाली क्षेत्र में डबल मर्डर के बाद तनाव फैल गया। बताया गया है कि दो पक्षों में हुए संघर्ष के बाद दलित युवक की गोली लगने से मौत हो गई। इस पर हंगामा होने लगा। इसी बीच दूसरे पक्ष के युवक की मौत के बाद पूरे कस्बे में जातीय तनाव फैल गया। बवाल के बीच कस्बा के बाजार बंद हो गए हैं। भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर है।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार कासगंज के कस्बा पटियाली में रवि नाम के युवक का संपत से जुए के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ। रवि पक्ष का आरोप है कि संपत के पास रवि के करीब 20 हजार रुपये उधार थे। इस पर गुरुवार को दोनों पक्षों में लड़ाई हो गई।
देखते ही देखते दोनों ओर से पत्थरबाजी और मारपीट के बीच फायरिंग होने लगी। कई राउंड फायर हुए। इसमें गोली लगने से 25 वर्षीय दलित युवक रवि की मौत हो गई। इसके बाद रवि के परिवारीजन और अन्य लोगों ने सड़क पर शव रख कर जाम लगा दिया।
इसके बाद भी दोनों पक्षों में संघर्ष नहीं रुका। रवि के परिवरीजन पटियाली-गंजडुंडवारा रोड को जाम किए हुए थे। थोड़ी देर बाद संपत के ताऊ देवराज की मौत के बाद तनाव फैल गया। संपत पक्ष का आरोप है कि रवि के परिवारीजनों ने देवराज की लाठी-डंडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी।
इस पर पूरे कस्बे में जातीय तनाव फैल गया। आनन-फानन में दुकानों के शटर गिरे और बवाल के डर से लोग घरों में कैद हो गए। सूचना पर जिले भर का फोर्स मौके पर पहुंच गया। डीएम-एसएसपी भी पहुंच गए। खबर लिखे जाने तक स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी।