एटा से दिल्ली तक तमंचा सप्लाई करने के आरोपी निजी चिकित्सक सहित दो लोगों को दिल्ली पुलिस पकड़ कर ले गई है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से दिल्ली पुलिस ने तीन तमंचे भी बरामद किए है।
विगत दिनों दिल्ली पुलिस ने एक व्यक्ति को तमंचा आपूर्ति करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस को आरोपी ने एटा के शिकोहाबाद रोड आशीष कॉम्प्लेक्स निवासी डा. हरवंश और सकीट क्षेत्र के गांव इशारा पश्चिमी निवासी शेषपाल का नाम बताया था।
इस पर दिल्ली पुलिस ने शनिवार को शहर के आशीष काम्प्लेक्स में छापामार कार्रवाई की और चिकित्सक सहित दोनों आरोपी पकड़ लिए। दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे भी बरामद किए है। आरोपियों को दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई। कोतवाली नगर पुलिस ने बताया कि थाना भलसवा डेयरी नार्थ वेस्ट दिल्ली से पुलिस आई थी।