एटा जिले में एक शिक्षक के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने करीब डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए। जब रकम निकासी का मैसेज मोबाइल पर आया तो शिक्षक के होश उड़ गए। उन्होंने कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना मिरहची के गांव बहादुरपुर निवासी हृदेश कुमार सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। वह वर्तमान में जिला बदायूं के कस्बा कछला स्थित प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उनका यूनियन बैंक में खाता है।
हृदेश कुमार के अनुसार उनके बैंक खाते से साइबर ठगों ने 30 सितंबर से एक अक्तूबर तक एक लाख 41 हजार 900 रुपये गाजियाबाद स्थित एक बैंक खाता में ट्रांसफर कर लिए। जब उन्हें इसका पता चला तो दंग रह गए।
यह रकम कई बार में निकाली गई थी। शिक्षक हृदेश कुमार ने कोतवाली नगर में तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।