आगरा नगर निगम के नायब मोहर्रिर सुरेश कुमार दीपक के खिलाफ थाना हरीपर्वत में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का केस दर्ज किया गया है। विजिलेंस की जांच में पाया गया है कि उसने अपने ज्ञात एवं वैद्य स्रोतों से 2.35 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की, जबकि संपत्ति और भरण पोषण पर किया गया खर्च 3.08 करोड़ रुपये है। 73 लाख से अधिक खर्च करने के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। विजिलेंस की खुली जांच में इसकी पुष्टि होने पर कार्रवाई के आदेश किए गए।
न्यू सुभाष नगर के लायर्स कालोनी निवासी सुरेश कुमार दीपक नगर निगम में कई साल से नायब मोहर्रिर के पद पर तैनात है। वर्ष 2015 में उसके खिलाफ जांच के आदेश किए गए थे। इसके बाद विजिलेंस ने जांच की। जांच में पाया कि नायब मोहर्रिर ने 2,35,83,327 रुपये की आय अर्जित की। इस दौरान उन्होंने अर्जन और भरण पोषण पर 3,08,89,925 रुपये खर्च किए।
इससे पता चला कि उन्होंने 73,06598 रुपये आय से अधिक खर्च किए। इस खर्च के संबंध में सुरेश कुमार दीपक की ओर से कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इस पर निरीक्षक श्याम सिंह ने नायाब मोहर्रिर के खिलाफ थाना हरीपर्वत में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(1) (ई) और 13(2) में मुकदमा दर्ज कराया है। विजिलेंस ही अब जांच के बाद कार्रवाई करेगी।