थाना नारखी के गांव कातिकी में सोमवार दोपहर बाइक निकालने को लेकर दो पक्षों में हुआ मामूली विवाद उग्र हो गया। पुलिस एक पक्ष के लोगों को ही जब ले जाने लगी तो दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। पुलिस की मौजूदगी में भी पथराव होता रहा। पथराव की सूचना पर एसपी सिटी सहित कई थाने का फोर्स पहुंचा। दोनों पक्षों के दो लोग घायल हो गए। गांव में फोर्स तैनात कर दिया है।
सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे कातिकी में गढ़ी उत्तम के निवासी संजय का बेटा ट्रैक्टर में चक्की को लगाकर गेहूं पीसने का काम कर रहा था। इसी दौरान रवि ट्रैक्टर को लेकर आ गया। चक्की चालू होने के कारण उसने ट्रैक्टर को रोक लिया था।
थोड़ी देर बाद नीशू भी बाइक लेकर पहुंचा। उसने ट्रैक्टर हटाने को रवि से कहा था तो दोनों के बीच हाथापाई एवं मारपीट हो गई। मारपीट होने की जानकारी होते ही नीशू के पिता यशपाल सिंह व अन्य लोग पहुंचे। दोनों ओर से मारपीट एवं पथराव होने लगा। पथराव होने की सूचना पर रजावली चौकी प्रभारी जय सिंह फोर्स के साथ पहुंचे व यशपाल को गाड़ी में बैठा कर ले जाने लगे। यशपाल पक्ष के लोगों ने इसका विरोध करते हुए पथराव शुरू कर दिया।
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, सीओ टूंडला डॉ. अरुण कुमार सिंह, सीओ सदर बल्देव सिंह ख्रनेड़ा, एसएचओ नारखी एसएसआई रामकुमार मिश्रा, पचोखरा थाना प्रभारी फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने पथराव में घायल हुए यशपाल व दूसरे पक्ष के राजेश को हिरासत में ले लिया है। सुरक्षा के लिहाज से गांव में फोर्स तैनात कर दिया है।