चेकिंग में 1.09 करोड़ रुपये पकड़े
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
चुनाव में धन-बल के इस्तेमाल को रोकने के लिए पुलिस ने चेकिंग में शुक्रवार को दो कैश वैन को भी नहीं छोड़ा। सिकंदरा पुलिस ने दो सिक्योरिटी एजेंसी की वैन को रोककर तकरीबन 1.09 करोड़ रुपये पकड़ लिए। कर्मचारियों और सिक्योरिटी गार्ड को भी थाने पर ले गए। आयकर विभाग की टीम देर रात तक रकम से संबंधित दस्तावेजों की जांच में जुटी थी।
एक कैश वैन शुक्रवार शाम को पांच बजे सिकंदरा की ओर आ रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम और फ्लाइंग स्क्वैड ने उसे पकड़ लिया। इंस्पेक्टर थाना सिकंदरा की पूछताछ में वैन में मौजूद राकेश कुमार (जमुना कालोनी, कोतवाली, मथुरा) ने बताया कि वह कैश कलेक्शन कंपनी सीएमएस का कर्मचारी है। वैन से तकरीबन 44 लाख रुपये बरामद किए गए। कैश कई कंपनियों का है। इसे बैंकों में जमा करने के लिए ले जा रहे हैं। वहीं इसके कुछ देर बाद ही फरह की ओर से आती कैश वैन को रोका गया। इसमें से तकरीबन 65 लाख रुपये मिले। कैश वैन में मौजूद राजेंद्र सिंह ने बताया कि वह फेडरल सिक्योरिटी कंपनी का कर्मचारी है। वह आईसीआईसीआई बैंक का कैश लेकर आ रहे हैं। यह भरतपुर (राजस्थान) और मथुरा की आईसीआईसीआई बैंक की शाखा से लाए हैं। कैश को संजय प्लेस स्थित बैंक की शाखा में ले जा रहे हैं। पुलिस ने आयकर विभाग को जानकारी दी। इसके बाद विभाग की टीम पहुंच गई। देर रात तक कैश से संबंधित कागजात चेक किए जा रहे थे। एएसपी अनुराग वत्स ने बताया कि कैश से संबंधित आगे की कार्रवाई आयकर विभाग की ओर से की जानी है।