चार नामजद समेत 15 के खिलाफ एफआईआर दर्ज
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
खुद को सत्ताधारी दल से जुड़ा बताकर कुछ दबंगों ने सीएचसी बाह के अधीक्षक डाक्टर धीरेंद्र कुमार को धमकी दे डाली। उनका आरोप है कि दबंग उनसे चौथ वसूली करना चाह रहे थे। इंकार पर वे उनके आवास पर पहुंच गए। उधर, इसका पता चलने पर अधीक्षक डिप्रेशन में आकर बेहोश हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना पर तहसीलदार और सीओ मौके पर पहुंच गए। मामले में चार नामजद समेत 10-15 अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है। डाक्टर धीरेंद्र कुमार ने बताया कि खुद को सत्ताधारी पार्टी से जुड़ा बताने वाले तीन-चार लोग चौथ वसूली के लिए दबाव बना रहे थे। चौथ न देने पर पांच दिन पहले तबादले का प्रयास किया।
इसमें नाकाम होने पर बुधवार देर शाम 10-15 लोगों के साथ चार लोग सीएचसी पहुंचे और हंगामा किया। सीएचसी में डा. जितेंद्र वर्मा और एसीएमओ डा. वीरेंद्र भारती मौजूद थे। बाद में सभी अधीक्षक के आवास पर जा धमके। वहां उनकी पत्नी पूनम को अधीक्षक को जान से मारने की धमकी दी। डरकर पूनम ने खुद को कमरे में बंद कर लिया।
मढे़पुरा से लौट रहे डा. धीरेंद्र को घटना की जानकारी देकर एसीएमओ ने अस्पताल में न आने की सलाह दी। यह सुनते ही वह डिप्रेशन में आ गए। आवास पर पहुंचते ही बेहोश हो गए। उन्हें इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। घटना की जानकारी होने पर तहसीलदार इंद्र नंदन सिंह, नायब तहसीलदार डा. गजेन्द्र सिंह, सीओ अखिलेश भदौरिया मौके पर पहुुंच गए। थाने में दी तहरीर में उन्होंने जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का उल्लेख किया है। डा. जितेंद्र वर्मा ने बताया कि डा. धीरेंद्र का ब्लड प्रेशर लो हो जाने से उनकी तबियत बिगड़ी है। अधीक्षक ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे। वहीं, सत्ताधारी पार्टी से जुडे़ लोग मामले को रफादफा कराने में जुट गए। इस संबंध में सीओ अखिलेश भदौरिया ने बताया कि तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।