चर्च रोड पर सुरेश चंद दिनेश चंद साड़ी शोरूम के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने एक अधिकारी की सास के गले पर झपट्टा मारकर चेन लूट ली। महिला के शोर मचाने पर उनके कार चालक ने बदमाशों का पीछा किया। खंदारी पर बाइक में टक्कर मार दी। चालक ने बाइक सवार दो युवकों को लोगों के सहयोग से पकड़ लिया। उनकी धुनाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उनसे पूछताछ की, लेकिन चेन बरामद नहीं हो सकी।
घटना रविवार शाम तकरीबन साढ़े छह बजे की है। हाथरस में तैनातएक अधिकारी की पत्नी और सास साड़ी शोरूम से खरीदारी करके बाहर आईं थीं। तभी पीछे से आए बाइक सवार एक बदमाश ने अधिकारी की सास के गले से चेन लूट ली। इसके बाद दोनों बदमाश खंदारी की ओर भागे। बाहर खड़े उनके कार चालक ने शोर सुनकर बदमाशों का पीछा किया। खंदारी स्थित हनुमान मंदिर के पास उसने दो युवकों को पकड़ लिया। लोगों ने दोनों की जमकर पिटाई लगाई। पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारी की पत्नी ने थाने पर कोई तहरीर भी नहीं दी है।
बदमाशों ने लूटी चेन, बाइक से गिरकर महिला घायल
आगरा। फतेहाबाद रोड पर बाइकर्स गैंग ने पति के साथ बाइक से जाती महिला के गले पर झपट्टा मारकर चेन लूट ली। महिला ने चेन पकड़ ली। इस पर बदमाशों ने उसे धक्का दे दिया। इससे वह बाइक से गिरकर काफी दूर तक घसीटती हुई चली गई। घटना के बाद बदमाश भाग निकले। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोहल्ला, सदर निवासी नरेश रविवार रात को पत्नी मीना और बच्चों के साथ बाइक से कुंडौल जा रहा था। जेपी होटल के पास बाइक सवार दो बदमाश आए। एक बदमाश ने मीना के गले पर झपट्टा मारकर चेन लूट ली। मीना ने बदमाश के हाथ में लगी चेन पकड़ी तो बदमाश ने उसे धक्का दे दिया। वह बाइक से गिरकर घायल हो गईं, जबकि पति और बच्चे गिरने से बच गए। घायल को शांति मांगलिक हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस पहुंच गई, लेकिन बदमाशों को नहीं पकड़ा जा सका। नरेश ठेकेदारी करता है।