कबीर कुंज (जगदीशपुरा) में सात-आठ गोकशों ने गाय ले जाने का विरोध करने पर दो भाइयों को लाठियों और सरियों से पीट-पीटकर घायल कर दिया। आसपास के लोग आए तो फायरिंग भी की। बाद में लोगों ने घेराबंदी की तो गोकश गाय छोड़कर भाग निकले। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
अरशद और सद्दाम पुत्रगण हाजी भोलू के पास तीन गाय हैं। वह दूध का व्यापार और साउंड सिस्टम का काम करते हैं। रविवार तड़के पांच बजे घर के बाहर बंधी गाय को गोकश ले जाने लगे। जानकारी पर आए अरशद ने विरोध किया। तब गोकशों ने उस पर सरिया और लाठियों से हमला कर दिया। चीखपुकार पर सद्दाम उसेे बचाने आया। गोकशों ने उसकी भी पिटाई कर दी। आसपास के लोगों के आने पर फायरिंग की। इसमें अरशद और सद्दाम बाल-बाल बचे। अफरातफरी मच गई। बाद में लोगों ने घेराबंदी कर ली। तब गोकश भाग निकले। पीड़ित ने जानकारी थाना जगदीशपुरा पहुंचकर दी। सद्दाम ने बताया कि आरोपी क्षेत्र में ही रहते हैं। पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
इंस्पेक्टर थाना जगदीशपुरा का कहना है कि अरशद के आटो चलते हैं। दूसरा पक्ष अपनी भैंस लेकर जा रहा था। भैंस से आटो टकराने पर विवाद हुआ था। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। गोकशों द्वारा गाय ले जाने का प्रयास करने की जानकारी नहीं मिली है।
दो महीने पहले भी ले गए थे गाय
अरशद पक्ष का कहना है कि आरोपी दो महीने पहले भी उनकी गाय को खोलकर ले गए थे। तब क्षेत्र के लोगों ने पंचायत की थी। इसके बाद ही उनकी गाय वापस मिल सकी थी।
विहिप नेताओं ने पुलिस को दी जानकारी
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पाराशर ने बताया कि गोकशी की घटनाएं आए दिन सामने आ रही हैं। इस घटना की भी जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी है।