बहन को उसके प्रेमी के साथ घर में ही आपत्तिजनक अवस्था में देख नाबालिग भाई ने आपा खो दिया। घर में रखे तमंचे से प्रेमी पर गोली चलाई जो बहन को लग गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भाई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म भी कबूल किया।
ऑनर किलिंग की यह वारदात थाना किशनी क्षेत्र के एक गांव में हुई जहां रहने वाले दंपति थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव कछपुरा गए थे। घर पर नाबालिग भाई और उसकी बहन थी। रात करीब तीन बजे आहट पर जागे भाई ने बहन के कमरे में झांका तो वहां देखा कि उसकी बहन एक युवक के साथ आपत्तिजनक अवस्था में थी।
यह देखकर उसे गुस्सा आ गया और वह घर में रखा तमंचा निकालकर ले आया। भाई के आ जाने पर बहन भी सकपका गई छोटे भाई के हाथ में तमंचा देखकर दोनों डर गए। दोनों कुछ समझ पाते तभी आरोपी भाई ने युवक को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली युवक की बजाय बहन के सीने में लगी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रात के सन्नाटे में गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण जाग गए। इस बीच युवक मौका देखकर वहां से भाग गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने वहां हत्या में प्रयुक्त तमंचा और आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया। थाने में पूछताछ के दौरान भाई ने अपना जुर्म भी स्वीकार कर लिया।
एसपी मैनपुरी राजेश एस ने बताया कि आरोपी ने बहन को दूसरे युवक के साथ देख लिया था। युवक को निशाना बनाया था मगर गोली किशोरी को लग गई। आरोपी ने जुर्म का इकबाल कर लिया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।