फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केंद्रीय मंत्री के समर्थकों की गुंडई एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पीटा

Thu, 09 Jul 2015 02:04 AM IST
ब्यूरो अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री डाक्टर रामशंकर कठेरिया के समर्थकाें ने बुधवार को गुंडागर्दी दिखाते हुए डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी कैंपस स्थित गेस्ट हाउस में धरना देने आए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर हमला बोल दिया। उनकी पिटाई की। पुलिस के सामने ही समर्थकों ने कार्यकर्ताओं को खदेड़ कर गेस्ट हाउस के गेट पर ताला लगा दिया। पुलिस ने एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव अमित सिंह, हर्ष उपाध्याय, धर्मेंद्र चाहर, मनीष गौतम को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी पर कांग्रेसियाें ने थाना न्यू आगरा में जमकर हंगामा किया। केंद्रीय मंत्री कठेरिया के प्रतिनिधि अनिल चौधरी ने बलवा, गालीगलौज, सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कराया है। शाम को सभी कार्यकर्ताओं को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
विज्ञापन

बता दें, एनएसयूआई कार्यकर्ता मंत्री कठेरिया पर विवि के खंदारी कैंपस में अवैध निर्माण करने, दो पेड़ काटने और शिक्षक आवासीय परिसर में राजनैतिक गतिविधियों के लिए कैंप कार्यालय चलाने का आरोप लगाते हुए लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यकर्ता शुक्रवार से विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में धरना देकर प्रतीकात्मक कैंप कार्यालय चला रहे थे। इन्हें हटाने के लिए पिछले दिनों भी हंगामा हुआ था। एनएसयूआई पदाधिकारियों की पुलिस और कुलसचिव से तीखी नोंकझोंक हुई थी।
बुधवार सुबह तकरीबन 10:30 बजे केंद्रीय राज्यमंत्री कठेरिया भाजपा, भाजयुमो और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ गेस्ट हाउस पहुंचे। मंत्री कठेरिया अंदर विभिन्न विभागों के अफसरों के साथ मीटिंग करने लगे। उनके समर्थक बाहर जमे रहे। समर्थकों ने एनएसयूआई के झंडे और दरी को फेंक दिया।इसी बीच एनएसयूआई कार्यकर्ता पहुंचे तो कठेरिया के समर्थक नारेबाजी करने लगे। इस पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मुर्दाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिया। इस पर मंत्री समर्थक भड़क गए और हमला बोल दिया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पीटते हुए गेट के बाहर कर गेस्ट हाउस पर ताला लगा दिया। वहां पहुंची पुलिस ने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन

केंद्रीय राज्यमंत्री डा. रामशंकर कठेरिया का कहना है कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मीटिंग करने आए थे। इसी बीच एनएसयूआई के कार्यकर्ता आए और नारेबाजी करने लगे। उन्होंने यहां छात्र समस्या लेकर आए एबीवीपी कार्यकर्ताओं से गालीगलौज की। गेस्ट हाउस में जबरन प्रवेश करने लगे, सुरक्षाकर्मियों से अभद्रता की। मारपीट की जानकारी नहीं है।
वहीं एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव अमित सिंह का कहना है कि केंद्रीय मंत्री की शह पर साजिश के तहत उन पर हमला किया गया। हमारा प्रदर्शन गांधीवादी तरीके से मंत्री के अवैध निर्माण के खिलाफ चल रहा था।

विश्वविद्यालय बना सियासत का अखाड़ा
आगरा। डाक्टर भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय राजनीति का अखाड़ा बन गया है। एक ओर केंद्रीय राज्यमंत्री रामशंकर कठेरिया के समर्थक हैं तो दूसरी ओर एनएसयूआई के कार्यकर्ता। माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है। बुधवार को कांग्रेसियों ने मोदी मुर्दाबाद के नारे लगाए तो भाजपाइयों ने राहुल गांधी को निशाने पर लिया। इसी पर तनातनी बढ़ी, जो थोड़ी ही देर में धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गई। एक बार तो पुलिस के भी हाथ-पांव फूल गए। बिगड़ते हालात बड़ी मुश्किल से काबू में आए। आक्रामकता दिखाने में भाजपाई आगे रहे। खंदारी कैंपस स्थित गेस्ट हाउस में तकरीबन दो घंटे तक हंगामा चला।
भीड़ भी कठेरिया समर्थकों की ही ज्यादा रही। इसके चलते एनएसयूआई कार्यकर्ता बैकफुट पर जल्दी आ गए। उनके लिए भाजपाइयों का सामना करना मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने भी कार्रवाई एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर ज्यादा की। उनकी गिरफ्तारी की जानकारी पर कांग्रेस नेता और पदाधिकारी थाना न्यू आगरा पहुंच गए। उन्होंने हंगामा काटा। गिरफ्तारी का विरोध किया। इसकी जानकारी पर पहुंची पुलिस चारों कार्यकर्ताओं को मेडिकल के लिए ले गई।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हाजी अबरार हुसैन ने कहा कि केंद्रीय मंत्री के समर्थकों ने जबरन धरने से उठवाया है। पुलिस भी उनका साथ दे रही है। इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिक्षा के मंदिर को राजनीति का गढ़ बना दिया गया है। ऐसा नहीं होने देंगे। इस दौरान पदाधिकारियों ने नारेबाजी की। कांग्रेस नेता डा. मधुरिमा शर्मा ने कहा कि पार्टी पदाधिकारी पुलिस कार्रवाई का विरोेध करते हैं। मारपीट के मामले में तहरीर दी जाएगी।

राजभवन को भेजा मामला
पूरे प्रकरण में विश्वविद्यालय प्रशासन भले ही केंद्रीय राज्य मंत्री के खिलाफ न बोला हो, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मसले पर राजभवन पत्र भेजा है। सूत्र बताते हैं कि एनएसयूआई के आरोप और जांच की मांग वाला पत्र राज्यपाल से अग्रिम कार्रवाई के निर्देशित करने की मांग की है।

11 को लखनऊ में कांग्रेस की बैठक
विवि गेस्ट हाउस प्रकरण के मामले को कांग्रेस ने पार्टी आला कमान तक पहुंचा दिया है। इस प्रकरण को लेकर 11 जुलाई को लखनऊ में राष्ट्रीय महासचिव मधुसूदन मिस्त्री और प्रदेश अध्यक्ष डा. निर्मल खत्री बैठक कर आगे की रणनीति बनाएंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने कहा, प्रदेश भर में केंद्रीय राज्य मंत्री डा. रामशंकर कठेरिया के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन चलेगा। जिलाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा ने कहा कि पार्टी खामोश नहीं बैठेगी। मंत्री आवास, गेस्ट हाउस, बिजली का बिल आदि धांधली के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

छात्र हित नहीं व्यक्तिगत द्वेष के तहत प्रदर्शन
भाजयुमो ने एनएसयूआई पर व्यक्तिगत द्वेष के तहत केंद्रीय मंत्री को निशाना बनाने का आरोप लगाया। मोर्चा के महानगर अध्यक्ष दीपक ढल का कहना है कि चुनाव में मुंह की खाने के बाद कांग्रेस ओछी राजनीति पर उतर आई है। एनएसयूआई को आगे कर कांग्रेसी केंद्रीय मंत्री के खिलाफ माहौल बना रहे हैं। सिद्ध इसी से होता है कि इनकी एक भी मांग में छात्रों से जुड़ी कोई समस्या नहीं है। अगर एनएसयूआई राजनैतिक लाभ के लिए प्रदर्शन करेगी तो भाजयुमो भी तैयार है।

जमानत के बाद दर्ज हुआ दूसरा मुकदमा
आगरा। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने दोतरफा कार्रवाई की है। चीफ प्रॉक्टर की ओर से दर्ज मुकदमे में गिरफ्तारी कर ली गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं को जमानत पर रिहा भी कर दिया गया। अब उन पर शिकंजा कसने के लिए केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि अनिल चौधरी की तहरीर पर एक और मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पिछले दिनों कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया था। इस मामले में विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर की ओर से थाना न्यू आगरा में बलवा, गालीगलौज, सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले की पुलिस जांच कर रही थी। कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार नहीं किया गया। बुधवार को फिर से हंगामा हुआ तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसी बीच अनिल चौधरी ने कार्यकर्ताओं के खिलाफ तहरीर भी दे दी। मगर, पुलिस ने कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पहले मुकदमे में दिखाई। धाराएं जमानती होने के कारण जमानत पर रिहाई भी दे दी गई। शाम को प्रतिनिधि की तहरीर पर भी एक और मुकदमा दर्ज कर लिया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें