भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष राधा तोमर और उनके पति का सपा कार्यकर्ता प्रवीन यादव से शुक्रवार की सुबह विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद प्रवीन को बुरी तरह पीटा। सिर में पत्थर मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने भाजपा नेत्री और उसके पति को गिरफ्तार करके शांति भंग में चालान किया है।
धनौली निवासी सपा कार्यकर्ता प्रवीन यादव ने बताया कि वे सुबह करीब सात बजे बाइक से सब्जी मंडी जा रहे थे। धनौली-सिरौली रोड पर दो दिन पहले ही आरसीसी डाली गई है। वे बाइक लेकर नवनिर्मित सड़क पर आ गए। इस पर वहां मौजूद भाजपा महिला मोर्चा की राधा तोमर ने विरोध किया। इस पर दोनों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद भाजपा नेत्री का पति रूप सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रवीन की पिटाई लगा दी। इसी बीच भाजपा नेत्री ने उसके सिर पर पत्थर दे मारा। पीड़ित प्रवीन ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। इस पर पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। घायल को अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मारपीट के आरोपी भाजपा नेत्री और उसके पति को शांति भंग में चालान कर दिया। भाजपा नेत्री का आरोप है कि प्रवीन पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की थी। पुलिस ने एकपक्षीय कार्रवाई की है।